Saharanpur News: सरसावा में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 3 गिरफ्तार; 9 चोरी की बाइक बरामद

सहारनपुर के सरसावा में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की नौ बाइक बरामद हुईं।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सरसावा पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की नौ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में दो मोटरसाइकिलें सरसावा थाने में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित हैं, जबकि सात अन्य बाइक अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई थीं।

सहारनपुर पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी देहात मयंक पाठक ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी सरसावा प्रवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 13 सितंबर को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान नकुड़-सरसावा मार्ग पर हाईवे पुल के नीचे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन कुमार उर्फ रोहित फौजी निवासी ग्राम झबीरण, वंश उर्फ राजा निवासी ग्राम गदरहेड़ी और गौरव निवासी ग्राम झबीरण, थाना सरसावा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर नकुड़ रोड स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे के पुराने खंडहरों में छिपाकर रखी गई चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि तीनों नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे। वे सरसावा, सदर बाजार और चिलकाना थाना क्षेत्रों के अलावा हरियाणा सहित अन्य स्थानों से मौका देखकर बाइक चोरी करते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों को ग्रामीण क्षेत्रों में करीब छह से आठ हजार रुपये में बेच देते थे।

आरोपियों ने राधा स्वामी सत्संग व्यास, सरसावा से एक स्प्लेंडर तथा पीजीआई पिलखनी अस्पताल से एक प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की। इसके अलावा अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई अन्य मोटरसाइकिलों में से कुछ के इंजन और चेसिस नंबर मिटा दिए थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस के अनुसार तीन-चार दिन पूर्व तेलीपुरा ठेके के पास चाबी लगी खड़ी मोटरसाइकिल भी आरोपियों ने चोरी की थी। गिरफ्तारी के समय आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को ग्रामीण व्यक्ति को बेचने की फिराक में थे।

पुलिस ने बरामद नौ मोटरसाइकिलों में स्प्लेंडर प्लस, सुपर स्प्लेंडर और प्लेटिना बाइक शामिल होने की जानकारी दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक देवकरण शर्मा, उपनिरीक्षक रविंद्र कसाना, कांस्टेबल दुर्गेश कुमार, दीपक कुमार, रिजर्व कांस्टेबल राहुल कुमार और कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य