सिख समाज की अनदेखी अब और बर्दाश्त नहीं: गुस्प्रीत सिंह बग्गा

राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए एकजुट होने का आह्वान, नवनियुक्त प्रदेश महासचिव का रंजीत अखाड़ा ने किया अभिनंदन

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के नवनियुक्त प्रदेश महासचिव सरदार गुस्प्रीत सिंह बग्गा का रंजीत अखाड़ा की ओर से घंटाघर स्थित एक होटल में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में सिख समाज के गणमान्य व्यक्तियों, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के पदाधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वाहेगुरू जी के जयकारों के साथ हुआ। इस दौरान सरदार गुस्प्रीत सिंह बग्गा को फूल मालाएं और सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

अपने संबोधन में प्रदेश महासचिव सरदार गुस्प्रीत सिंह बग्गा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे सिख समाज का सम्मान है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सिख समाज धार्मिक और सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता है, लेकिन राजनीति में उसकी भागीदारी अपेक्षाकृत कम है। राजनीतिक प्रतिनिधित्व कम होने के कारण समाज को अपनी जायज मांगों को लेकर कई बार परेशानियों और संघर्ष का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि यदि सिख समाज के सभी लोग एकजुट होकर एक मंच पर आएं तो सरकार को भी समाज की राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व को गंभीरता से लेना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि समाज को धार्मिक और सामाजिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी सशक्त और जागरूक होना होगा। तभी अपने अधिकारों और जायज मांगों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के लिए गुरु का लंगर आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुलवीर सिंह राणा, अभिजीत सिंह, अमन गुरी, अमनदीप सिंह, हनी सिंह मरवाह, गुरकीरत सिंह, संत सिंह, मनमीत सिंह मरवाह, मन सिंह, गगनदीप सिंह, पुरख सिंह, इकजोत सिंह, जस्सी सिंह, काका शेर सिंह, सहज सिंह, परविंदर सिंह रैना, परगट सिंह, जसवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य