शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने दावा किया कि पीडीए के समर्थन के चलते आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा 300 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में आएगी।
राजकुमार भाटी शुक्रवार को महादेव कॉलोनी स्थित वरिष्ठ सपा नेता पुष्पेंद्र चौधरी के आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में सामंतवादी व्यवस्था के कारण पिछड़े और दलित वर्गों के साथ हर स्तर पर भेदभाव हुआ। इसी कारण संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान में इन वर्गों को जाति के आधार पर आरक्षण का प्रावधान किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र सरकार जाति आधारित आरक्षण को समाप्त कर इसे आर्थिक आधार पर करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उनके अनुसार जाति के आधार पर आरक्षण से ही इन वर्गों का उत्थान संभव है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि गेरुआ वस्त्र सनातन धर्म में पूजनीय हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की कार्यशैली से इन वस्त्रों की गरिमा भी कम हो रही है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली और उनके नाम को लेकर भी टिप्पणी की।भाटी ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पास राजनीतिक विचारधारा, दर्शन, घोषणा पत्र और विकास का स्पष्ट विजन है। उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में मेट्रो, एक्सप्रेस-वे, लोक भवन, पुलिस मुख्यालय, जनेश्वर मिश्र पार्क, 1090, डायल-100, इकाना स्टेडियम और गोमती रिवर फ्रंट जैसी परियोजनाएं विकसित की गईं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बिजली के नए कारखाने भी लगाए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ के साढ़े नौ वर्ष के कार्यकाल में एक भी नया बिजली कारखाना नहीं लगाया गया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा से निजात चाहती है और समाजवादी पार्टी की नीतियों को पसंद कर रही है। इसी के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में सपा 300 से अधिक सीटें हासिल कर अपनी सरकार बनाएगी।
वार्ता के दौरान वरिष्ठ सपा नेता पुष्पेंद्र चौधरी, सपा प्रदेश सचिव लल्ला गुर्जर, धर्मवीर खटाना, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी सलीम अख्तर, वीरसैन चौधरी, उद्देश्य कम्बोज और सुनील शर्मा मौजूद रहे।








