शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनका मकसद देश को नीचा दिखाना है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार प्रगति कर रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि “मोहब्बत की दुकान” चलाने का दावा करने वाले लोग देश में अशांति फैलाना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं और प्रधानमंत्री को निशाना बनाना उनके लिए फैशन बन गया है।
उन्होंने दिल्ली में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया भर से प्रतिनिधि भारत आए थे, लेकिन कांग्रेस से जुड़े लोगों का कथित आपत्तिजनक प्रदर्शन देश को शर्मसार करने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को देश के कोने-कोने तक पहुंचाया जाए, जबकि विपक्ष निराधार आरोप लगाने में लगा है।
बृजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी झूठ बोलकर देश को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं और विदेशी मंचों से भारत को अपमानित करते हैं। उन्होंने कहा कि “सूरज पर थूकने से अपना ही चेहरा गंदा होता है।”
डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एजेंडा देश की छवि को धूमिल करना है। उन्होंने राजीव गांधी फाउंडेशन को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और वैश्विक मंच पर मजबूत स्थिति में है। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं।








