बिहारीगढ़ में कॉपर वायर चोरों का आतंक, व्यापारियों में आक्रोश

बुग्गावाला रोड की मार्केट में लगातार तीसरी बार सोलर पैनल की कॉपर वायर चोरी, व्यापारियों ने पुलिस गश्त पर उठाए सवाल

विमल शर्मा 
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। बिहारीगढ़ क्षेत्र में सोलर पैनलों से कॉपर वायर चोरी करने वाले अज्ञात चोरों का गिरोह लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा है। बीते कुछ दिनों के अंतराल में व्यापारिक प्रतिष्ठानों में लगे सोलर पैनलों की कीमती कॉपर वायर चोरी होने की कई घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में भय के साथ आक्रोश भी बढ़ रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि लगातार घटनाएं होने के बावजूद पुलिस अभी तक चोरों का सुराग नहीं लगा सकी है।
क्षेत्र की बुग्गावाला रोड स्थित मार्केट में चोरों ने लगातार तीसरी बार कई दुकानदारों के प्रतिष्ठानों पर लगे सोलर पैनलों की कॉपर वायर को निशाना बनाया। व्यापारियों के अनुसार चोर बड़ी मात्रा में वायर काटकर ले गए। घटनाओं से अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों का गिरोह रात के समय सुनसान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दे रहा है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि यदि एक ही क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं तो पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच करनी चाहिए। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि रात्रि गश्त के नाम पर महज औपचारिकता की जा रही है, जिसके कारण चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि सोलर पैनलों की कॉपर वायर की कीमत अधिक होने के कारण चोर इसे लगातार निशाना बना रहे हैं। एक के बाद एक घटनाओं से दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही रात के समय अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर व्यापारी चिंतित हैं।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बिहारीगढ़ पुलिस इन घटनाओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई और चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो व्यापारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपेंगे। व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
लगातार तीसरी बार हुई चोरी के बाद अब व्यापारियों की निगाह पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त मजबूत होने और चोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होने के बाद ही उनमें सुरक्षा का भरोसा कायम हो सकेगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य