बिजली कटौती से ग्रामीणों में रोष, धरने की चेतावनी

रातभर बिजली गुल रहने से परेशान हुए लोग, भाकियू रक्षक ने आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी

श्रीकान्त शर्मा 

गागलहेड़ी (सहारनपुर)। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। रात के समय कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से लोग भीषण गर्मी और उमस में परेशान हैं। बुधवार रात भी बिजली की आपूर्ति बार-बार बाधित होने के बाद पूरी तरह गुल हो गई, जिसके चलते ग्रामीणों को जागकर रात गुजारनी पड़ी।

भारतीय किसान यूनियन रक्षक के तहसील अध्यक्ष बलकार सिंह ने आरोप लगाया कि कैलाशपुर और कोलकी बिजलीघरों से क्षेत्र की आपूर्ति व्यवस्था बेहद खराब हो चुकी है। आए दिन बिना पूर्व सूचना के घंटों बिजली बंद कर दी जाती है। बुधवार रात भी बिजली बार-बार आती-जाती रही और बाद में पूरी रात आपूर्ति बाधित रही। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती के कारण लोगों की नींद प्रभावित होने के साथ सुबह के समय पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो जाती है।

हरोड़ा गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि कैलाशपुर बिजलीघर पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी फाल्ट अथवा ओवरलोडिंग का हवाला देकर समस्या से पल्ला झाड़ लेते हैं।

बलकार सिंह ने कहा कि यदि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था जल्द दुरुस्त नहीं की गई तो भारतीय किसान यूनियन रक्षक की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने भी चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर बिजलीघर का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और लगातार हो रही अघोषित कटौती से निजात दिलाने की मांग की है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य