विमल शर्मा
सहारनपुर। बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद करने का दावा किया है। बरामद मोटरसाइकिलें सहारनपुर के बिहारीगढ़, बेहट और मिर्जापुर थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तराखंड के बुग्गावाला क्षेत्र से चोरी की गई बताई गई हैं। मामले का खुलासा शुक्रवार को सहारनपुर पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी देहात मयंक पाठक ने किया।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि बिहारीगढ़ क्षेत्र में लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया था। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाम वसूम पुत्र हासिम निवासी कालूवाला पहाड़ीपुर उर्फ जहानपुर थाना बिहारीगढ़, सागर पुत्र विजयपाल निवासी भाकरोड थाना बेहट, शाकिर पुत्र भूरा निवासी चांडी भाकरोड थाना बेहट और साहिल पुत्र मुस्तकीम निवासी माझीपुर थाना बेहट के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से बिहारीगढ़ क्षेत्र से चोरी की गई सुपर स्प्लेंडर संख्या UK16B2534, स्प्लेंडर प्लस संख्या UP11CU1420 और टीवीएस रिडिंम संख्या UP11BN9036 बरामद की गई। इसके अलावा बेहट थाने में दर्ज मुकदमे से संबंधित स्प्लेंडर प्लस संख्या UP11Y3441, मिर्जापुर थाने के मुकदमे से संबंधित स्प्लेंडर प्लस संख्या UP11CL6740 तथा बुग्गावाला, हरिद्वार के मुकदमे से संबंधित स्प्लेंडर प्लस संख्या UK17W2869 भी बरामद हुई। दो अन्य स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलों के नंबरों की पहचान और उनके संबंधित थाना क्षेत्रों से चोरी होने की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक बरामद आठों मोटरसाइकिलों में से छह को बिहारीगढ़ से आगे अमानतगढ़ की ओर हाईवे किनारे खंडहर पड़ी एक बिल्डिंग में छिपाकर रखा गया था। पुलिस का कहना है कि अन्य दो मोटरसाइकिलों को भी उसी स्थान पर छिपाने के लिए ले जाया जा रहा था, तभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एक-दूसरे को काफी समय से जानते हैं और मौका देखकर आसपास के थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। पुलिस के अनुसार सागर मोटरसाइकिल मिस्त्री है और चांडी भाकरोड में उसकी दुकान है। आरोप है कि चोरी की मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट हटाने के बाद उन्हें अनजान लोगों को बेच दिया जाता था। बिक्री से मिलने वाली रकम चारों आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बिहारीगढ़ कस्बे के बुग्गावाला रोड से एक मोटरसाइकिल, सुंदरपुर तिराहे से एक मोटरसाइकिल, रविदास मंदिर के सामने से एक मोटरसाइकिल और बदरजूड के जंगल से एक मोटरसाइकिल चोरी करने की बात बताई है। इसके अलावा बेहट और मिर्जापुर थाना क्षेत्रों तथा बुग्गावाला क्षेत्र से भी मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी पूछताछ में सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। वहीं गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर बिहारीगढ़ थाने में मुकदमा संख्या 159/26 धारा 317(5) बीएनएस के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने चारों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी बताया है। इसमें बिहारीगढ़, बेहट, मिर्जापुर और बुग्गावाला थानों में वाहन चोरी से संबंधित मुकदमे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कुछ आरोपियों के खिलाफ पूर्व में अन्य धाराओं में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक हवन सिंह चीमा, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, हेड कांस्टेबल मोतीलाल, कांस्टेबल विक्रांत, रूपेश कुमार, राजेंद्र राणा, रवेंद्र और यशपाल शामिल रहे।








