Saharanpur News: प्रेमिका की गला दबाकर हत्या, मां के साथ नहर में फेंका शव, दो आरोपी गिरफ्तार

देवबंद में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने प्रेमी और उसकी मां को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार शव साखन नहर में फेंका गया था।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी देहात मयंक पाठक ने देवबंद थाना क्षेत्र में हुई युवती की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का प्रेमी मोहित पुत्र घसीटू तथा उसकी मां ओमवती पत्नी घसीटू निवासी ग्राम सैनपुर उर्फ शहजादपुर थाना देवबंद शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहित का मृतका के साथ पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मोहित अब अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था। प्रेम संबंध की जानकारी सामने आने से होने वाली बदनामी के डर से उसने मृतका से पीछा छुड़ाने की योजना बनाई।

पुलिस पूछताछ में मोहित ने बताया कि 15 सितंबर को उसने मृतका को अपनी छत पर बुलाया और उसका मोबाइल फोन लेकर बंद कर दिया। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद उसने अपनी मां ओमवती को जगाकर पूरी बात बताई। आरोप है कि दोनों ने मिलकर शव को मोटरसाइकिल पर रखा और कपड़े से ढककर साखन नहर में फेंक दिया, ताकि शव बहकर नष्ट हो जाए।

एसपी देहात ने बताया कि 17 सितंबर को मृतका के परिजनों की तहरीर पर थाना देवबंद में हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान ओमवती की भूमिका भी सामने आने पर मुकदमे में संबंधित धारा की वृद्धि की गई।

पुलिस टीम ने 18 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर मोहित को अतर सिंह फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार किया, जबकि ओमवती को उसके मकान से गिरफ्तार किया गया। मोहित की निशानदेही पर मृतका का टूटा हुआ वीवो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर यूपी 11 डीबी 3290 बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान, उपनिरीक्षक देवेंद्र भाटी, उपनिरीक्षक दीपक मावी, महिला उपनिरीक्षक रश्मि, कांस्टेबल अमित, नितिन कुमार, हर्ष कुमार, महिला कांस्टेबल पारूल, दीपा तथा कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे।

 

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य