शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । भारतीय जनता पार्टी महानगर सहारनपुर ने वार्ड संख्या 40 के पार्षद सरदार राजेंद्र सिंह कोहली को नगर निगम पार्षद दल का नेता नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संगठन की सहमति तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, महापौर अजय कुमार सिंह और नगर विधायक राजीव गुंबर की सहमति से की गई है। उनकी नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने इसे संगठनात्मक जिम्मेदारी के रूप में देखा है।
सरदार राजेंद्र सिंह कोहली लंबे समय से भाजपा के संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1998 में भाजपा बूथ अध्यक्ष के रूप में अपनी संगठनात्मक यात्रा शुरू की। इसके बाद वर्ष 2004 में युवा मोर्चा मंडल महामंत्री और वर्ष 2007 में युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2010 में उन्हें युवा मोर्चा महानगर कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष का दायित्व मिला।
वर्ष 2015 में सरदार राजेंद्र सिंह कोहली ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा महानगर महामंत्री के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाई। इसके अलावा विभिन्न अभियानों और पार्टी कार्यक्रमों में संयोजक के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता को देखते हुए वर्ष 2019 में उन्हें भाजपा जनक मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वर्ष 2023 में हुए नगर निगम चुनाव में सरदार राजेंद्र सिंह कोहली गुरुद्वारा रोड स्थित वार्ड संख्या 40 से पार्षद निर्वाचित हुए। अब उन्हें नगर निगम में भाजपा पार्षद दल का नेता बनाया गया है। पार्टी की ओर से कहा गया कि उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय कार्यशैली से नगर निगम में भाजपा पार्षद दल के कामकाज को अधिक प्रभावी एवं संगठित दिशा मिलने की उम्मीद है।








