शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर (सहारनपुर ) भारतीय किसान यूनियन तोमर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर का ग्राम सैयद माजरा में किसानों और संगठन पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम का आयोजन किसान मजदूर मोर्चा के जिला अध्यक्ष राव सलीम के नेतृत्व में हाजी तहसीन के आवास पर किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि आगामी 7 अक्टूबर को जीआईसी ग्राउंड मुजफ्फरनगर में होने वाली महापंचायत में सहारनपुर से हजारों किसानों को पहुंचना है। उन्होंने ‘किसान बचाओ, देश बचाओ’ का नारा देते हुए कहा कि किसान खुशहाल रहेगा तो देश का हर वर्ग खुशहाल रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन महंगाई, बेरोजगारी, गन्ने का लाभकारी मूल्य, कृषि उर्वरकों पर सब्सिडी, डीजल-पेट्रोल पर राहत, किसानों को आधे दाम पर खाद उपलब्ध कराने, 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों को पेंशन देने और सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है।
पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष परित उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हमेशा साथ खड़ा रहेगा।
जिला अध्यक्ष किसान मजदूर मोर्चा राव सलीम ने कहा कि किसान-मजदूर की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने जनपद के सभी किसानों से 7 अक्टूबर की महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन साधन सहकारी समिति चमारी खेड़ा सैयद चांद मोहम्मद को जिला उपाध्यक्ष और हाजी तहसीन को जिला महासचिव पद पर मनोनीत किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुल्तान अहमद, मंडल उपाध्यक्ष जसबीर राणा, डॉ. साजिद, डॉ. इसराईल, नरेश लाला, कृष्ण पाल फौजी, चंदन सिंह राणा, पूर्व गन्ना डायरेक्टर सरदार अली, अमजद देवबंद, हनी बालियान, अजय त्यागी, साजिद अल्वी, प्रधान फारूक, मौलवी तनवीर सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।








