सोलर प्लांट और ट्यूबवेलों से केबल चोरी करने वाले पांच गिरफ्तार

फतेहपुर पुलिस ने गिरोह का किया खुलासा, जला हुआ तांबे का तार, ग्राइंडर-ड्रिल मशीन और पांच चाकू बरामद

शहरी चौपाल ब्यूरो 

छुटमलपुर, सहारनपुर। थाना फतेहपुर पुलिस ने सोलर प्लांट, ट्यूबवेल और दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले कथित गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4.5 किलोग्राम जला हुआ तांबे का तार, एक ग्राइंडर मशीन, एक ड्रिल मशीन और पांच चाकू बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की केबल को जलाकर उसमें से तांबा निकालते थे और कबाड़ियों को बेच देते थे।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कमालपुर रोड पर घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम जीवाला, बेहड़ा और अल्लीवाला में लगे सोलर प्लांटों से केबल चोरी करने की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई। आरोप है कि आरोपी सोलर प्लांटों की दीवार फांदकर अंदर घुसते थे और किसानों की ट्यूबवेलों के लेंटर तोड़कर केबल निकाल लेते थे।

पुलिस के मुताबिक छह सितंबर की रात फतेहपुर भादो स्थित एक दुकान की दीवार में कुंबल लगाकर जनरेटर का अल्टरनेटर, वेल्डिंग मशीन और अन्य सामान भी चोरी किया गया था। चोरी की गई केबल को जला दिया जाता था और उससे निकला तांबा कबाड़ियों को बेचकर प्राप्त रकम नशे में खर्च करने की बात पुलिस ने बताई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन, सौरभ उर्फ टट्टी, अभिषेक, मोहित उर्फ काला और अभिनव निवासी फतेहपुर भादो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभिषेक और सौरभ के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

वहीं, इस कार्रवाई के बाद एक अन्य मामला भी चर्चा में है। बताया गया है कि गिरोह के एक सदस्य ने पूछताछ के दौरान चोरी का तांबा और अन्य सामान जिस कबाड़ी की दुकान पर बेचे जाने की बात बताई थी, वहां पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को पूछताछ के लिए थाने लाया था। आरोप है कि बाद में देर शाम उसे छोड़ दिया गया। युवक को किन परिस्थितियों में छोड़ा गया, इसे लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मशकूर अली, सुबोध शर्मा, बबलू कुमार, सजल कुमार सहित थाना फतेहपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य