शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने सहारनपुर के वार्ड संख्या 48 स्थित आवास विकास क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क के किनारे खड़े हरे-भरे वृक्षों की कटाई पर कड़ा विरोध जताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि जैन कन्फेक्शनरी से लेकर मकान संख्या 126 व 127 (डॉ. विनय जोशी के सामने) तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके दोनों ओर वर्षों पुराने फलदार एवं नीम के वृक्ष खड़े हैं। पूर्व में भी प्रशासन से इन वृक्षों को संरक्षित करने की मांग की गई थी, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम द्वारा 23 फरवरी से वृक्षों की कटाई शुरू कर दी गई, जिसमें कई हरे-भरे पेड़ों को काट दिया गया। युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यह कदम क्षेत्रवासियों की भावनाओं एवं पर्यावरण संरक्षण के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि ये वृक्ष सड़क पर किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं कर रहे हैं, जबकि सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे पेड़ों से आगे स्थित हैं। ऐसे में विकास के नाम पर पेड़ों की कटाई उचित नहीं है। ज्ञापन में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर दिए गए संदेश एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान का उल्लेख करते हुए कहा गया कि सरकार स्वयं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रही है, ऐसे में हरे-भरे वृक्षों की कटाई चिंता का विषय है। युवा कांग्रेस ने जिलाधिकारी से मांग की है कि निर्माणाधीन सड़क के किनारे चल रही वृक्षों की कटाई को तत्काल प्रभाव से रोका जाए तथा शहर में विकास कार्यों के दौरान पेड़ों के संरक्षण के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पेड़ों की कटाई नहीं रोकी गई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर, वरुण शर्मा, प्रभजीत सिंह लाम्बा जिला सचिव, राजीव, वेदप्रकाश आदि मौजूद रहे।








