शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जुबली पार्क स्थित श्री कृष्णा राम नाटक क्लब की ओर से 77वीं श्री रामलीला एवं दशहरा महोत्सव के आयोजन की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया। इसी क्रम में जुबली पार्क परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से बल्ली पूजन किया गया। पूजन के दौरान भगवान श्रीराम का स्मरण कर रामलीला के सफल आयोजन की कामना की गई।

पंडित रजनीश पराशर ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। क्लब के प्रधान महेंद्र तनेजा ने विधिवत बल्ली पूजन किया। इस दौरान परिसर का वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
क्लब के प्रधान महेंद्र तनेजा ने कहा कि इस वर्ष क्लब की 77वीं श्री रामलीला एवं दशहरा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाएगा। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य और धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि मंचन के दौरान आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति की परंपराओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा, जिससे नई पीढ़ी भी भगवान श्रीराम के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके।
बल्ली पूजन के साथ ही रामलीला मंचन की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं और रामलीला प्रेमियों में उत्साह का माहौल है तथा क्लब के पदाधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
कार्यक्रम में महामंत्री विवेक दुआ, वरिष्ठ उपप्रधान राजकुमार नरूला, संयोजक रम्मी धवन, विवेक मनोचा, पाली कालड़ा, संजय अरोड़ा आरपी, महेंद्र सचदेवा, प्रचार मंत्री नीरज कामरा, लीला प्रभारी साजन गंगा, अमित भसीन, राजेंद्र लांबा, जसपाल सिंह बत्रा, भगत सिंह भाटिया, गुलशन अनेजा, मनोज विज, मनोज तनेजा, सुरेश निझावन, पंडित उद्धव कोदंड, दीपक खेड़ा, सौरव अरोड़ा, सनी पुंज और अरुण खन्ना सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।








