जिलाध्यक्षों की घोषणा के आसार तेज, 24 घंटे में आ सकती है सूची

पश्चिमी यूपी के कई जिलों में मंथन पूरा, जातीय समीकरणों पर हाईकमान की नजर

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

शामली। भारतीय जनता पार्टी में क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष पदों की घोषणा को लेकर एक बार फिर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों से पहले जिलाध्यक्षों की घोषणा अगले 24 घंटे में की जा सकती है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात कर जिलाध्यक्ष पदों को लेकर विचार-विमर्श कर चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली, बागपत, सहारनपुर और अमरोहा जिलों में जिलाध्यक्ष पदों पर नियुक्ति को लेकर अंतिम दौर की चर्चा चल रही है। इन जिलों में वर्तमान में पुराने जिलाध्यक्ष कार्यभार संभाल रहे हैं। पिछले वर्ष नवंबर में पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से ही नए जिलाध्यक्षों की घोषणा को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि 25 फरवरी तक नामों की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।

जातीय समीकरणों पर गहन मंथन

भाजपा हाईकमान पश्चिमी यूपी के जिलों में नियुक्तियों को लेकर जातीय संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रहा है। जाट, कश्यप, ठाकुर, ब्राह्मण, गुर्जर और सैनी समाज के समीकरणों को ध्यान में रखते हुए संभावित नामों पर मंथन किया गया है। बताया जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व संभावित उम्मीदवारों की सूची लगभग तैयार कर चुका है।

80 दावेदारों ने किया था नामांकन

करीब एक वर्ष पूर्व जिलाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रेक्षक और चुनाव प्रभारी की देखरेख में नामांकन आमंत्रित किए गए थे। शामली जिले से लगभग 80 दावेदारों ने अपनी दावेदारी पेश की थी। सभी नामों का पैनल बनाकर पार्टी हाईकमान को भेजा गया था।

जिलों में दावेदार सक्रिय

शामली में पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल वर्तमान में जिलाध्यक्ष का कार्यभार संभाल रहे हैं। यहां पूर्व में वैश्य, कश्यप और जाट समाज से जिलाध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि इस बार कश्यप, ठाकुर और जाट समाज के नेताओं की दावेदारी प्रमुख मानी जा रही है।

बागपत जिले में वेदपाल उपाध्याय जिलाध्यक्ष हैं। वहां पहले गुर्जर और ब्राह्मण समाज से जिलाध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि इस बार जाट, गुर्जर और ब्राह्मण समाज से दावेदार सक्रिय बताए जा रहे हैं।

सहारनपुर में पूर्व में गुर्जर और सैनी समाज से जिलाध्यक्ष रह चुके हैं, वर्तमान में सैनी समाज से अध्यक्ष कार्यभार देख रहे हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल ने संकेत दिए हैं कि क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा से पहले जिलाध्यक्षों की सूची जारी की जाएगी। संभावना है कि अगले दो दिनों में पहले जिलाध्यक्षों के नाम घोषित कर दिए जाएं और उसके तुरंत बाद क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा भी कर दी जाए।

राजनीतिक हलकों में इन नियुक्तियों को आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य