शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कोतवाली मंडी क्षेत्र में मंडी समिति रोड स्थित निर्यात निगम चौकी के पास मंगलवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और अनियंत्रित होकर आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान कम्बोहन निवासी नवाज ने दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य युवकों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।
रोजा खुलने के बाद बढ़ती है रफ्तार
स्थानीय लोगों का कहना है कि रमजान में रोजा खुलने और तरावीह की नमाज के बाद कुछ युवा तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल दौड़ाते नजर आते हैं। थाना मंडी क्षेत्र, जनकपुरी, नगर कोतवाली और कुतुबशेर थाना क्षेत्रों में देर रात फर्राटा भरते बाइक सवारों की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं।
यह हादसा एक बार फिर तेज गति से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय सख्त निगरानी और कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।










