शहरी चौपाल ब्यूरो
नागल। नेशनल मॉडल इंटर कॉलेज में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें धर्म, संस्कृति और परिवार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परम पूज्य श्री 1008 महामंडलेश्वर साध्वी आशू गिरी (पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी) उपस्थित रहीं।
मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक अरविंद ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को सशक्त और संगठित बनाने के लिए आदर्श हिंदू परिवारों का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परिवार राष्ट्र की पहली इकाई है, इसलिए परिवारों को संस्कारित, संगठित और राष्ट्रहित में समर्पित बनाना होगा।
महामंडलेश्वर साध्वी आशू गिरी ने अपने संबोधन में समाज को एकता के सूत्र में बांधने, जातीय भेदभाव समाप्त करने और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धर्म एवं संस्कृति को संरक्षित रखते हुए बच्चों को संस्कारवान बनाना समय की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए प्लास्टिक त्यागने का संदेश दिया। सभा में यह भी कहा गया कि सभी महापुरुषों का सम्मान करें और उनके आदर्शों पर चलें, नामों पर विवाद न करें। अखंड भारत की भावना, भाईचारे और पारिवारिक प्रेम को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उषा उपाध्याय ने की तथा संचालन हेमंत अरोड़ा ने किया। सम्मेलन में रजनी राणा, अरुण त्यागी, विजेंद्र दीक्षित, जगपाल दत्त स्वामी, हेमा अरोड़ा, डॉ. पिंकी रल्हन, अलका वत्स, मंजू त्यागी, अदिति त्यागी, कृष्ण उपाध्याय एवं मयंक उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








