शहरी चौपाल ब्यूरो
सरसावा (सहारनपुर)। विकासखंड सरसावा के ग्राम असादपुर में शनिवार को जलार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नकुड़ विधायक एवं उत्तर प्रदेश प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने जलार्पण कर ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और इसकी हर बूंद अनमोल है। उन्होंने ग्रामीणों से पानी की बर्बादी रोकने और जल संरक्षण को लेकर जागरूक रहने की अपील की।
मुकेश चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। प्रत्येक व्यक्ति को पानी का उपयोग आवश्यकता के अनुसार करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से वर्षा जल संचयन को अपनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और पानी की बचत सामूहिक जिम्मेदारी है।
विधायक ने जलापूर्ति के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे क्लोरीनयुक्त शुद्ध पेयजल के उपयोग के लाभ भी बताए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल का सेवन जलजनित रोगों और बीमारियों से बचाव में सहायक हो सकता है। स्वस्थ जीवन के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीणों से जलापूर्ति की सुविधा का सदुपयोग करने के साथ ही गांव को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के साथ ही स्वच्छ पेयजल से लोग अपने कार्य, शिक्षा और विकास संबंधी गतिविधियों पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। जल संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, अधिशासी अभियंता अमित कटियार, सहायक अभियंता रामदत्त, अवर अभियंता अमित कुमार, जीए इंफ्रा के प्रतिनिधि हिमांशु चौधरी तथा गन्ना समिति के अध्यक्ष सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








