शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। अखिल भारतीय सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी की ओर से अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में संस्था का 17वां स्थापना दिवस समारोह स्थानीय चमन पैलेस, बेरी बाग में आयोजित किया गया। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, सामाजिक संस्थाओं और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था की 17 वर्षों की यात्रा को फिल्म के माध्यम से प्रस्तुत किया गया तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रकाशित पत्रिका ‘पथ प्रदर्शक’ के चतुर्थ अंक का विमोचन भी किया गया।

समारोह में वार्षिक वयोश्री सम्मान से डा. एस.के. उपाध्याय को सम्मानित किया गया। वरिष्ठतम सदस्य होने तथा समाज में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार वी.वी. गौतम को वयो वरिष्ठ सम्मान प्रदान किया गया। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की कुलपति विमला वाई को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा हरियाणा के विनोद सेठी, दिल्ली के डा. नमन बंसल तथा देहरादून स्थित ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, आईक्यू हॉस्पिटल, मैक्स हॉस्पिटल, आईडीएफसी बैंक और अल्फा सोलर रूफटॉप को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में संस्था की अब तक की यात्रा को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। 17 वर्ष की उपलब्धियों और सामाजिक गतिविधियों पर आधारित फिल्म के माध्यम से संस्था के कार्यों को अतिथियों एवं उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों के सामने रखा गया। संस्था द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं, अधिकारों और सामाजिक भूमिका को लेकर किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी गई।
सरस्वती विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने ‘अखंड भारत’ विषय पर प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने सराहा। आयोजन के दौरान संस्था के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले समिति अध्यक्षों यशपाल मलिक, विजय अरोड़ा, आर.के. जैन, सी.पी. छाबड़ा और आर.पी. शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही संस्था की विभिन्न क्षेत्रीय समितियों को भी उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इनमें आवास विकास प्रथम, नवीन नगर द्वितीय, जनकपुरी, नुमाइश कैंप, दिल्ली रोड ईस्ट, दिल्ली रोड वेस्ट, पैरामाउंट, चिलकाना रोड, पेपर मिल रोड और हकीकत नगर की क्षेत्रीय समितियां शामिल रहीं। आयोजकों के अनुसार इन समितियों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को संगठन से जोड़ने और उनकी समस्याओं को सामने लाने का कार्य किया जा रहा है।
संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा ने कहा कि समाज में कई बार वरिष्ठ नागरिकों को उनकी उम्र के कारण अलग-थलग कर दिया जाता है, लेकिन संस्था का प्रयास है कि उनके अनुभव और प्रतिभा को समाज के सामने सम्मान के साथ रखा जाए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के पास जीवन का लंबा अनुभव होता है और समाज उनके अनुभवों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकता है। संस्था वरिष्ठ नागरिकों को एक नई पहचान देने तथा उन्हें सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम को राज्य मंत्री जसवंत सैनी, विधायक राजीव गुम्बर, महापौर डा. अजय कुमार सिंह और पद्मश्री भारत भूषण ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव, सामाजिक योगदान और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभवों का लाभ युवा पीढ़ी को मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव संदीप गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत भूषण अलाबादी, राकेश कुमार शर्मा, महासचिव अरुण सूरी, कोषाध्यक्ष अरुण प्रकाश शर्मा, देहरादून से कोषाध्यक्ष अतुल चुघ, के.के. ऑबराय, एस.पी. गुप्ता, महेंद्र खन्ना, ज्ञान गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक आर.पी. शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, जी.एल. जसूजा, आर.के. जैन, सुभाष चंद, प्रेम प्रकाश शर्मा, मूलचंद आनंद, अनुपमा महाजन, रमेश सैनी, डा. मोहन लाल, सुमन बाला, सतीश शर्मा, एन.एम. जोशी, संदीप गोयल, शिव राम शर्मा, जुशील क्वात्रा, अमरदीप मित्तल, सविता जैन, सुभाष मनचंदा, हरप्रीत गोगिया, सी.पी. छाबड़ा, कैप्टन टी.एस. चन्नी, सुपनीत सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय चेतना मिशन से रंजन गुप्ता, कुलदीप धमीजा, नरेश धनगर, कृष्ण लाल ठक्कर, अशोक गांधी, प्रवेश धवन सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह के दौरान सम्मानित किए गए वरिष्ठ नागरिकों और संस्थाओं ने संस्था के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि वरिष्ठ नागरिक केवल परिवार के मार्गदर्शक ही नहीं, बल्कि सामाजिक अनुभव और ज्ञान के महत्वपूर्ण स्रोत भी हैं। उनके अनुभवों को सम्मान और उचित मंच देकर समाज नई पीढ़ी को बेहतर दिशा दे सकता है।








