शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में एनसीसी कैंप एवं कैडेट्स के प्रशिक्षण से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में 26 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, सहारनपुर के कमान अधिकारी कर्नल आर.के. माही, सेना मेडल ने एनसीसी की गतिविधियों, प्रशिक्षण और आगामी वर्ष की कार्ययोजना को लेकर जिलाधिकारी के साथ चर्चा की।
बैठक में कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचे, उपयुक्त स्थान, प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार तथा सभी कैडेट्स के लिए कॉमन एनसीसी एकेडमी विकसित करने पर विचार-विमर्श हुआ। कैडेट्स को खेल प्रशिक्षण, मेडिकल सपोर्ट और एनसीसी कैंप के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कैडेट्स को प्रशिक्षण और अनुशासन के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं गवर्नेंस की कार्यप्रणाली से भी परिचित कराया जाए। उन्हें सरकारी योजनाओं की पात्रता और लाभ की जानकारी देकर जनजागरूकता गतिविधियों से जोड़ा जाए। इसके लिए प्रॉपर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएसआर और बैंकिंग सहयोग से स्किल डेवलपमेंट, बैंक खातों तथा प्रशिक्षण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। कैडेट्स को ड्रोन, रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देने के साथ अकादमिक सपोर्ट, काउंसलिंग, करियर एवं एसएसबी गाइडेंस उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। एनसीसी दिवस, राष्ट्रीय एकता दिवस और सशक्त नारी दिवस जैसे अवसरों पर विशेष गतिविधियों के आयोजन तथा कैडेट्स पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म/डॉक्यूमेंट्री बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








