शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी दशहरा पर्व, शोभायात्राओं, झांकियों एवं रामलीला कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कुतुबशेर पुलिस ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, आयोजकों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ गोष्ठी आयोजित की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी ने आगामी धार्मिक आयोजनों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गोष्ठी के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने सभी आयोजकों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द कायम रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शोभायात्राओं और झांकियों के दौरान निर्धारित मार्ग एवं समय का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए तथा यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण में पुलिस का सहयोग किया जाए।
रामलीला एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने और मंच सहित आयोजन स्थल पर आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने की अपील की।
पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अशांति फैलाने, आपत्तिजनक टिप्पणी करने, अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो को बिना सत्यापन के शेयर नहीं करने की भी अपील की गई।
गोष्ठी में मौजूद आयोजकों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आश्वासन दिया। पुलिस ने आमजन से भी आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए दशहरा एवं अन्य धार्मिक पर्व शांतिपूर्वक मनाने की अपील की।








