शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को भाजपा महानगर सहारनपुर की नगर और देहात विधानसभा की अलग-अलग कामकाजी बैठकें आयोजित कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। नगर विधानसभा की बैठक होटल राजमहल तथा देहात विधानसभा की बैठक विरासत बैंकट हॉल में हुई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने की और संचालन महानगर महामंत्री सरदार सुपनीत सिंह ने किया। बैठक में नगर विधायक राजीव गुंबर, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा, चुनाव संयोजक किशोर शर्मा, महानगर महामंत्री ललित कटारिया समेत पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में शिक्षक विधान परिषद के प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा और स्नातक विधान परिषद के प्रत्याशी दिनेश गोयल के समर्थन में चल रही तैयारियों की समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने तथा विधानसभा से लेकर मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया। महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, विधायक राजीव गुंबर और महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करते हुए चुनावी तैयारियों को गति देने का आह्वान किया। बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाली सेवा ज्योति यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में सुबह नौ बजे आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। बैठक में मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन तथा आपसी समन्वय से संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान अनीश शर्मा, शैलेंद्र भूषण गुप्ता, नरेश धनकर, संदीप रावत, नीरज ठकराल, बबीता सैनी, आरती शर्मा, प्रदीप शर्मा, हन्नी वर्मा, गोपाल मेंहदीरत्ता, विजय वर्मा, पदम सैनी, विशाल दुआ, विजय कालड़ा, संजीव विश्वकर्मा, इक्षा रोहिला, नंदिनी बाटला, जावेद भानु अग्रवाल, हितेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








