मनोज धनगर
नकुड़ (सहारनपुर)। नगर पालिका चौक के पास सब्जी की दुकान करने वाले दुकानदार कलीम निजामी की दुकान से तड़के आलू का एक कट्टा गायब होने का मामला सामने आया है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें बोलेनो कार से आए दो युवक दिखाई दे रहे हैं। दुकानदार ने मामले की जानकारी आसपास के लोगों को देते हुए युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
कलीम निजामी ने बताया कि देर रात मंडी में आने वाले आलू के कट्टे दुकान के बाहर रख दिए जाते हैं। बुधवार तड़के करीब 3:07 बजे जब वह दुकान पर पहुंचे तो उन्हें आलू के कट्टों की संख्या कम दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में एक बोलेनो कार दुकान के पास आती दिखाई दी। दुकानदार के अनुसार कार से दो युवक उतरे, जिनमें से एक युवक ने आलू का कट्टा उठाकर कार में रख दिया, जबकि दूसरा युवक आसपास मौजूद दिखाई दिया। घटना के बाद दोनों युवक कार से वहां से चले गए।
दुकानदार का कहना है कि फुटेज में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एक आलू के कट्टे की चोरी की घटना को लेकर मंडी क्षेत्र में भी चर्चा बनी हुई है। दुकानदार ने घटना की जानकारी पुलिस को देने की बात कही है। मामले में युवकों की पहचान और चोरी की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।








