शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर (सहारनपुर)। ग्राम नौरंगपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब स्कूल के एक कमरे के दरवाजे पर आपत्तिजनक सामग्री लगी मिली। विद्यालय खोलने पहुंची शिक्षामित्र ने इसकी सूचना ग्रामीणों और अभिभावकों को दी। जानकारी मिलते ही कई लोग मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों में नाराजगी है।
शिक्षामित्र सरिता ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह विद्यालय पहुंचीं। मुख्य द्वार खोलकर अंदर जाने के बाद उनकी नजर एक कमरे के दरवाजे पर गई। ताले के पास आपत्तिजनक सामग्री लगी देखकर उन्होंने तत्काल आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को फोन के माध्यम से मामले से अवगत कराया गया।
विद्यालय स्टाफ के अनुसार, परिसर में इस तरह की घटना पहले भी सामने आ चुकी है। शिक्षामित्र सरिता ने बताया कि दो अक्टूबर को भी विद्यालय में इसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री मिली थी। इससे करीब तीन दिन पहले भी ऐसी ही घटना सामने आने की बात कही गई है। लगातार घटनाओं के बावजूद प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने को लेकर विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
गुरुवार को विद्यालय पहुंचे बच्चों और उनके अभिभावकों के बीच भी घटना चर्चा का विषय बनी रही। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय परिसर में बार-बार इस तरह की सामग्री मिलना गंभीर मामला है। इससे बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के साथ विद्यालय के सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण पर भी असर पड़ता है।
ग्रामीण सुशील, कमलेश, देशराज, सुनीता और विपिन सैनी सहित अन्य लोगों ने विद्यालय परिसर की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति का पता लगाने और उसके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग अधिकारियों से की है।








