शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। पांच या उससे अधिक बार चालान कटवाने वाले 7,010 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) निलंबित या निरस्त किए जाएंगे। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रोहित राजपूत को भेज दी है।
पुलिस के अनुसार सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़क परिवहन एवं गृह मंत्रालय की ओर से नियमों को और सख्त किया गया है। एक जनवरी 2026 से इन नियमों को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए थे। नए प्रावधान के तहत बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस निलंबित या स्थायी रूप से निरस्त किए जा सकते हैं।
2022 से 2025 तक का डाटा खंगाला
पुलिस ने वर्ष 2022 से 2025 के बीच पांच या उससे अधिक बार चालान कटवाने वाले चालकों की सूची तैयार की है। इनमें बिना हेलमेट बाइक चलाना, ट्रिपलिंग, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना, ओवरस्पीडिंग, नशे में ड्राइविंग और बिना आवश्यक दस्तावेज वाहन संचालन जैसे मामले प्रमुख हैं।
ऐसे होगी कार्रवाई
एआरटीओ कार्यालय के अनुसार निम्न उल्लंघनों पर डीएल निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकती है—
सीट बेल्ट का प्रयोग न करना
हेलमेट न पहनना
नशे की हालत में वाहन चलाना
बिना फिटनेस वाहन संचालन
आवश्यक दस्तावेज न रखना
अभियोग की गंभीरता के आधार पर तीन से छह माह तक लाइसेंस निलंबन या स्थायी निरस्तीकरण किया जाएगा।
सड़क हादसों में आई कमी
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में सड़क हादसों में कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में 149 लोगों की मौत और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। वर्ष 2024 में 130 लोगों की मौत और 250 लोग घायल हुए। वर्ष 2025 में अब तक 30 सड़क हादसों में 13 लोगों की मौत और 30 लोग घायल हुए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एआरटीओ रोहित राजपूत ने बताया कि पुलिस से रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और चिन्हित चालकों को नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के सामने ही टूट रहे नियम
शहर के फव्वारा चौक, बड़ा बाजार, दिल्ली रोड और मुजफ्फरनगर रोड पर एक बाइक पर तीन-चार युवक बिना हेलमेट फर्राटा भरते नजर आते हैं, जबकि कई वाहन चालक बिना सीट बेल्ट वाहन चला रहे हैं। एसपी ने लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की बात कही है।










