गय्युर मलिक
बेहट। शारदीय नवरात्र के पहले दिन लगातार हो रही बारिश के चलते मां शाकुंभरी देवी मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है। शिवालिक पहाड़ियों में बारिश के कारण नदी के खोल में अचानक पानी आने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कुछ समय के लिए दर्शन के लिए मेला क्षेत्र में आने से बचने की अपील की है।
पुलिस-प्रशासन के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्र में लगातार बारिश होने से नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है। ऐसी स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न होने की आशंका है। इसे देखते हुए मौसम सामान्य होने तक श्रद्धालुओं से यात्रा टालने का अनुरोध किया गया है।
प्रशासन ने मेला क्षेत्र में पहले से मौजूद श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्हें नदी के तल, जलधारा और पानी के बहाव वाले रास्तों से दूर रहने तथा मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बारिश कम होने और परिस्थितियां सामान्य होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।








