शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के चरण 6.0 के तहत हरि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, रणदेवी में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि एडीजी मेरठ जोन भानू भास्कर ने कहा कि मिशन शक्ति महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण अभियान है।

कार्यक्रम में डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, एसएसपी अभिनंदन, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी ग्रामीण मयंक पाठक, एसपी यातायात शैलेंद्र श्रीवास्तव, एएसपी सारिका चौधरी और एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता प्राची चौधरी मौजूद रहीं। एनसीसी कैडेट्स ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान मिशन शक्ति 6.0 पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूटी रैली निकाली गई। छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि ने एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता प्राची चौधरी को सम्मानित किया।
एडीजी भानू भास्कर ने कहा कि वर्ष 2020 से संचालित मिशन शक्ति केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं के कल्याण से जुड़े विभिन्न विभागों का समन्वित प्रयास है। इसका उद्देश्य महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाना और उनमें सुरक्षा व आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को उत्पीड़न या किसी अपराध को चुपचाप सहन नहीं करना चाहिए, बल्कि आवाज उठाकर पुलिस को सूचना देनी चाहिए।
उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, एंटी रोमियो स्क्वॉड और वूमेन पावर लाइन 1090 के बारे में जानकारी देते हुए डिजिटल सुरक्षा तथा स्कूल-कॉलेजों में सुरक्षा ऑडिट पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण में ही महिलाएं और बालिकाएं निर्भीक होकर शिक्षा प्राप्त कर सकती हैं और आगे बढ़ सकती हैं।
संस्थान के चेयरमैन एवं नकुड़ ब्लॉक प्रमुख डॉ. सुभाष चौधरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं संजना, रिया सैनी, अंशिका और अंजु को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डॉ. नक्षत्र पाल राठौर ने किया। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।








