शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नगर विधायक राजीव गुंबर ने सोफिया गर्ल्स इंग्लिश मीडियम स्कूल और महाराज सिंह कॉलेज पहुंचकर शिक्षकों से जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा समर्थित शिक्षक प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा और स्नातक प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनसंपर्क के दौरान राजीव गुंबर ने शिक्षकों से शिक्षा व्यवस्था, शिक्षक हितों और उनकी समस्याओं को लेकर संवाद किया। उन्होंने शिक्षकों के सुझाव सुनते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण और भावी पीढ़ी का भविष्य संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनके सम्मान, हितों की रक्षा और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए।
सोफिया गर्ल्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में विधायक ने प्रधानाचार्या सिस्टर शीला सहित शिक्षकों से मुलाकात कर शिक्षा जगत से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद वह महाराज सिंह कॉलेज पहुंचे, जहां शिक्षकों से संपर्क कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और सकारात्मक बदलावों को लेकर विचार-विमर्श किया।
विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शिक्षक समाज के सम्मान, शिक्षा के विकास और बेहतर व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षकों के अनुभव और सुझाव शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से आगामी विधान परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने जनसंपर्क के दौरान मिले सहयोग और स्नेह के लिए शिक्षकों का आभार भी जताया। शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और उनके समर्थकों की ओर से मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाया जा रहा है।








