शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शासन द्वारा जारी आदेशों-निर्देशों के क्रम में गुरुवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र श्री अभिषेक सिंह ने परिक्षेत्र कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान डीआईजी अभिषेक सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखें, ताकि पुलिस व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। जनसुनवाई के माध्यम से परिक्षेत्र स्तर पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।








