शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। गोपाल नगर, नुमाइश कैंप में सुपर क्लब (रजि.) की ओर से आयोजित 33वें रामलीला एवं दशहरा महोत्सव में मेघनाथ वध लीला का शानदार मंचन किया गया। निर्देशक शंकर सौदाई के निर्देशन में कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय, सशक्त संवादों और आकर्षक मंचीय प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। मेघनाथ वध के दृश्य के दौरान रामलीला पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
लक्ष्मण के बाणों से धराशायी हुआ मेघनाथ
रामलीला के मंचन में दिखाया गया कि लंका का शक्तिशाली योद्धा मेघनाथ अपनी युद्धकला और मायावी शक्तियों के बल पर श्रीराम की सेना को चुनौती देता है। दोनों पक्षों के बीच भीषण युद्ध होता है। अंततः भगवान श्रीराम के अनुज लक्ष्मण अदम्य साहस और युद्ध कौशल का परिचय देते हुए मेघनाथ का वध कर देते हैं। मेघनाथ के धराशायी होते ही दर्शकों ने जय श्रीराम के उद्घोष और तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
युद्ध के दृश्यों, प्रभावशाली संवादों और भावपूर्ण अभिनय ने प्रसंग को जीवंत बना दिया। लीला के माध्यम से संदेश दिया गया कि अहंकार और अधर्म चाहे कितने ही शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है।
कलाकारों के अभिनय ने बांधा समां
रामलीला में भगवान श्रीराम के रूप में कुशाग्र नैब, लक्ष्मण के रूप में अक्षय सूरी, मेघनाथ के रूप में क्लब अध्यक्ष राकेश सूरी और हनुमान के रूप में अनुभव कत्याल ने अपने अभिनय से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विभीषण की भूमिका अमन कालड़ा, सुग्रीव की भूमिका तेजस कालड़ा, नल की भूमिका संकल्प और नील की भूमिका ग्रंथ ने निभाई। हास्य कलाकार जंग बहादुर जंगी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया।
पात्रों की रूपसज्जा विजय और संदीप ने की, जबकि परिधानों की व्यवस्था विक्की आहूजा ने संभाली। मंच का संचालन अनिल रसवंत ने किया। शंकर सौदाई के निर्देशन में कलाकारों की प्रस्तुति ने रामायण के इस महत्वपूर्ण प्रसंग को प्रभावशाली रूप दिया।
क्लब पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्थाएं
रामलीला में दर्शकों की भारी उपस्थिति के बीच व्यवस्था संभालने और ग्रीन रूम के संचालन की जिम्मेदारी गगन नागपाल, पिंचू गुम्बर, गोपाल कृष्ण मेहंदीरत्ता, ईश पूजानी, दीपक गगनेजा, पंकज गुम्बर, बॉबी सुखीजा, पंकज मिड्ढा, रिंकू ईश पुजानी, अक्षय सूरी, आशीष गुम्बर, शिवम वर्मा, अनुराग बजाज और संदेश खुराना सहित अन्य सदस्यों ने निभाई। कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, रामलीला प्रेमी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।








