शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। ग्राम मानकमऊ में भूमि की पैमाइश के दौरान राजस्व विभाग की टीम से अभद्रता और लेखपाल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सरकारी कार्य में बाधा डालने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर राजस्वकर्मियों में रोष है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को अधिकारियों के निर्देश पर नायब तहसीलदार संजय सिंह, कानूनगो लक्ष्मी नारायण और क्षेत्रीय लेखपाल देव कौशिक सहित राजस्व विभाग की टीम भूमि की पैमाइश और निरीक्षण के लिए मानकमऊ पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान दीपक पुत्र जगपाल निवासी बालपुर, चिलकाना रोड, सहारनपुर, रवि निवासी मानकमऊ और उनके एक अन्य साथी ने टीम के साथ विवाद करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर लेखपाल के साथ मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कुलवंत मलिक को सौंपी गई है।
उधर, राजस्वकर्मियों ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने तक वे कार्य नहीं करेंगे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि विवेचना पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।








