शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गंगाली मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में लूट के मुकदमे में वांछित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.80 लाख रुपये नगद, दो तमंचे .315 बोर, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 25/26 फरवरी 2026 की रात थाना फतेहपुर पुलिस गंगाली मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम राजपुर में पशु व्यापारी से लूट करने वाले आरोपी गंगाली की ओर से आ रहे हैं। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान शुभम पुत्र धनप्रकाश निवासी ग्राम लडवा थाना कोतवाली देहात जनपद सहारनपुर के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा 1,50,000 रुपये नगद बरामद किए गए।
कॉम्बिंग अभियान के दौरान दूसरे आरोपी अंकित पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम चम्पावास थाना बेहट जनपद सहारनपुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस .315 बोर, 1,30,000 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी है।










