शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई की ओर से संयुक्त राष्ट्र दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रेलवे रोड स्थित जिला कार्यालय में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ अंतरराष्ट्रीय शांति, सुरक्षा और राष्ट्रों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
शीतल टंडन ने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद दुनिया में शांति बनाए रखने और देशों के बीच विवादों को सुलझाने के उद्देश्य से 24 अक्टूबर 1945 को संयुक्त राष्ट्र संघ की स्थापना की गई थी। इसी दिन प्रतिवर्ष संयुक्त राष्ट्र दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने शांति स्थापना अभियानों, संघर्ष विराम की निगरानी और जरूरतमंदों तक मानवीय सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बनाए जाने और वीटो पावर दिए जाने की मांग उठाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका को देखते हुए उसे वैश्विक निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा परिषद को अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण अंग बताया। परिषद में पांच स्थायी और दस अस्थायी सदस्य हैं। अमेरिका, रूस, फ्रांस, ब्रिटेन और चीन स्थायी सदस्य हैं तथा उन्हें वीटो का अधिकार प्राप्त है।
टंडन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र से जुड़ी संस्थाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी काम कर रही हैं। उन्होंने व्यापार और शांति के संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि शांतिपूर्ण वातावरण में व्यापार, निवेश और विकास के अवसर बढ़ते हैं, जबकि युद्ध और तनाव का असर कारोबार तथा आम जनता पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र दिवस शांति, सद्भावना, सहिष्णुता और आपसी सहयोग को अपनाने का संदेश देता है। व्यापार मंडल भी सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर जागरूकता फैलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, रमेश डावर, मेजर एसके सूरी, पवन कुमार गोयल, बलदेव राज खुंगर, मुरली खन्ना, अशोक मलिक, भोपाल सिंह सैनी, संजीव सचदेवा, संजय माहेश्वरी और अभिषेक भाटिया सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।








