शहरी चौपाल ब्यूरो
नानौता। क्षेत्र के गांव जम्बूगढ़ स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने गांव जम्बूगढ़ और शेखूपुरा में साफ-सफाई अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
शिविर के तीसरे दिन का शुभारंभ लक्ष्य गीत के साथ किया गया। इसके उपरांत डॉ. प्रमोद सिंह चौहान ने योग के अष्टांगिक मार्ग की विस्तार से जानकारी दी। योगाभ्यास सत्र में छात्र सूर्यप्रताप एवं छात्र प्रियव्रत ने स्वयंसेवकों को विभिन्न योगासन का अभ्यास कराया।
द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों ने प्राथमिक विद्यालय परिसर में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया। विद्यालय प्रांगण एवं आसपास के क्षेत्र में श्रमदान कर स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया।

शिविर के दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रमोद सिंह चौहान एवं डॉ. इन्दु के निर्देशन में “व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में बताया गया कि बालकों में विकासात्मक परिवर्तनों के साथ व्यक्तित्व के प्रतिमानों का भी विकास होता है। प्रतिमान का अर्थ स्वरूप या आकृति से है तथा व्यक्तित्व संरचना में पाई जाने वाली विभिन्न मनोदैहिक प्रणालियां परस्पर अंतःसंबंधित होती हैं। इस विषय पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में अवनीश कुमार, सागर, वरुण, लक्ष्मी, कीर्ति, अमृता और सिमरन सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता और स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।









