शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के प्रस्तावित परिवर्तन एवं समायोजन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कैंप कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान और निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने पर चर्चा की गई। मतदेय स्थलों के प्रस्तावित समायोजन पर राजनीतिक दलों ने संतुष्टि जताते हुए सहमति प्रकट की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मतदेय स्थल पर अधिकतम 1,200 मतदाताओं की संख्या निर्धारित की गई है। यह भी सुनिश्चित किया गया है कि किसी मतदाता को अपने मतदेय स्थल तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े। सभी मतदेय स्थल भूतल पर रखने का भी विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि मतदान प्रक्रिया मतदाताओं के लिए सुविधाजनक रहे।

उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और त्रुटियों को ठीक कराने में सक्रिय सहयोग करें। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के फॉर्म-6 भरवाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि एक जनवरी 2027 के अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम रूप से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों और कमजोर वर्गों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, संबंधित उपजिलाधिकारी, सपा से चौधरी अब्दुल गफूर, अपना दल से राजकुमार, भाजपा से योग चुग और विपिन चौधरी सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








