शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। हरि इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रणदेवी द्वारा ग्राम अघ्याना में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय दिवस शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर शिविर का शुभारंभ कम्प्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. कपिल आर्य और कॉमर्स फैकल्टी मिस निष्ठा गौड़ ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर के प्रथम सत्र की मुख्य थीम “डिजिटल जागरूकता” रही। स्वयंसेवकों ने उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्रों और ग्रामीणों को डिजिटल तकनीक के सही उपयोग और दुरुपयोग दोनों के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही पूरे गांव में सफाई अभियान चलाकर विद्यालय परिसर और आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. कपिल आर्य ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में इंटरनेट और डिजिटल उपकरणों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग आवश्यक है। उन्होंने साइबर सुरक्षा, डिजिटल एडिक्शन और साइबर अपराधों से बचाव के महत्व पर प्रकाश डाला। एनएसएस स्वयंसेवक आनंद ने मानसिक स्वास्थ्य पर अत्यधिक डिजिटल उपकरणों के प्रभाव के बारे में जानकारी दी और छात्रों को संतुलित उपयोग के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में स्वाति, शगुन, संजना, अंजलि, वैशाली और नेहा ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर जागरूकता संदेश प्रस्तुत किया, जिससे उपस्थित स्वयंसेवकों और ग्रामीणों में डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी।
शिविर के अंत में मिस निष्ठा गौड़ ने मुख्य अतिथि डॉ. कपिल आर्य का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वसुंधरा, रितेश कुमार, यश मंधार, अतुल, प्रिया, स्वाति, अब्दुल, समीर, शगुन, नेहा सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।








