शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबन्द। मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खण्ड देवबन्द का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय खण्ड विकास अधिकारी देवबन्द एवं खण्ड कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित था। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यालय संचालन और सेवाओं को बेहतर बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निर्देशों में कार्यालय परिसर में निष्प्रोज्य आवासों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने, कार्यालय में रखे समस्त अभिलेखों एवं पत्रावलियों को अद्यतन करने, तथा राजकीय पशु चिकित्सालय की फाइलों का व्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश शामिल है।
साथ ही परिसर में बंद पाए गए वाटर कूलर को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए गए। कार्यालय में शासन द्वारा संचालित सभी महत्वपूर्ण और लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए और उनके शत-प्रतिशत अनुश्रवण की व्यवस्था करने का भी निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने दिया।

इसके अतिरिक्त कार्यालय में पेपरलेस ऑफिस व्यवस्था लागू करने हेतु पत्रावलियों और पत्राचार को ई-ऑफिस के माध्यम से करने, आईजीआरएस पर प्राप्त संदर्भों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण कराने तथा जनता दर्शन से प्राप्त समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।









