शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद के बिहारीगढ़ स्थित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर गुरुवार देर रात आपत्तिजनक नारा लिखे जाने से हड़कंप मच गया। सुबह जानकारी मिलते ही पुलिस और एनएचएआई के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नारे को काले पेंट से ढकवा दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे कुछ लोगों ने दिल्ली-देहरादून मार्ग पर शिवालिक पहाड़ियों के बीच लोहे के पुल के पास एलिवेटेड रोड के साउंड बैरियर पर पेंट से एक आपत्तिजनक वाक्य लिख दिया। शुक्रवार सुबह वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने इसकी सूचना थाना बिहारीगढ़ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल लिखे गए शब्दों पर पेंट करवाकर उसे हटवा दिया।
इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के कर्मचारी सुनील कुमार निवासी गांव बंजारेवाला, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार की ओर से तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित संगठन के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
उधर, संगठन के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने एक बयान जारी कर घटना की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि यह कदम हाल में हुई एक अन्य घटना के विरोध में उठाया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की भड़काऊ गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।










