शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में माध्यमिक, उच्च शिक्षण एवं कोचिंग संस्थानों के संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य अधिक से अधिक नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना रहा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा निकट भविष्य में पूर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का फार्म-6 भरवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वोट की महत्ता के प्रति युवाओं को जागरूक करते हुए उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने फार्म-6 की प्रक्रिया और समय-सारिणी की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि पात्र विद्यार्थी का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से मतदान का अधिकार प्राप्त होता है और लोकतंत्र में उसकी भागीदारी सुनिश्चित होती है।
उन्होंने बीएलओ को परिचय पत्र पहनकर कार्य करने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजनमानस के बीच उनकी पहचान स्पष्ट रहे। संतोष बहादुर सिंह ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि यदि आपकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है तो मतदाता हेल्पलाइन ऐप या voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन फार्म-6 भरें अथवा संबंधित बूथ स्तर अधिकारी को फार्म जमा करें। उन्होंने बताया कि 17 वर्ष के भावी मतदाता भी अग्रिम रूप से आवेदन कर सकते हैं, क्योंकि 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर पात्रता तिथियां निर्धारित हैं।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित विभिन्न माध्यमिक, उच्च एवं कोचिंग संस्थानों के संचालक और अध्यापकगण उपस्थित रहे।










