शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पवित्र रमजान माह के दूसरे जुम्मे एवं आगामी होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शुक्रवार को जिलाधिकारी सहारनपुर मनीष बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर अभिनंदन सिंह ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित जामा मस्जिद का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने नमाज के दौरान शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख मस्जिदों, संवेदनशील स्थलों तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को पूर्ण सतर्कता बरतने, प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि रमजान का दूसरा जुम्मा और होली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।









