शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर कड़े मुकाबले के बीच विजेंद्र कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंद्रभान सिंह को 74 मतों से पराजित कर पांचवीं बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वहीं महासचिव पद पर सतेंद्र कुमार शर्मा दूसरी बार निर्वाचित हुए। परिणाम घोषित होते ही बार भवन में समर्थकों ने विजेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत कर उत्साह जताया।
तहसील स्थित जिला बार भवन में शुक्रवार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान हुआ। मुख्य चुनाव आयुक्त रतन सिंह, नीलम पुरी और धर्मवीर सिंह की देखरेख में संपन्न हुए चुनाव में अध्यक्ष व महासचिव सहित 12 पदों के लिए मतदान कराया गया। कुल 306 अधिवक्ताओं में से 288 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम चार बजे के बाद मतगणना शुरू हुई।
मतगणना में विजेंद्र कुमार को 181 और चंद्रभान सिंह को 107 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार विजेंद्र कुमार 74 मतों से विजयी घोषित किए गए। महासचिव पद पर सतेंद्र कुमार शर्मा को 147 मत मिले, जबकि सतीश चौहान और चंद्रवीर सिंह को 90-90 मत प्राप्त हुए। सतेंद्र शर्मा ने 57 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
कोषाध्यक्ष पद पर दिलशाद को 142 और आस मोहम्मद को 135 मत मिले, जिसमें दिलशाद सात मतों से विजयी रहे। पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर प्रवीण कुमार ने 134 मत प्राप्त कर नीरज कुमार को हराया, जिन्हें 34 मत मिले। कनिष्ठ सदस्य पद पर ठाकुर सुनील, मधु, दीपक शर्मा, फरियाद, सना और प्रदीप विजयी रहे, जबकि दुर्गेश कुमार एक मत से पराजित हो गए। वरिष्ठ सदस्य पद पर सभी प्रत्याशी पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके थे।
चुनाव में सामाजिक समीकरण भी अहम रहे। अध्यक्ष पद के एक अन्य दावेदार ऋषिपाल बालियान द्वारा विजेंद्र कुमार के समर्थन में नाम वापस लेने को भी उनकी जीत का महत्वपूर्ण कारण माना जा रहा है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजेंद्र कुमार ने कहा कि वे अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और बार की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।








