शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। होली व दुल्हैंडी के पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं। जिले में सुरक्षा व्यवस्था के तहत 1800 पुलिसकर्मियों के साथ एक कंपनी पीएसी बल तैनात रहेगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखने के लिए सर्विलांस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं, जबकि 35 क्लस्टर मोबाइल टीमें पूरे जिले में लगातार गश्त करेंगी।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि पूर्व वर्षों की भांति जिले को चार जोन और 10 सेक्टर में विभाजित कर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। सभी पीआरवी वाहनों को तय प्वाइंटों पर तैनात किया जाएगा। दो से तीन गांवों पर एक क्लस्टर मोबाइल टीम लगातार भ्रमण करती रहेगी।
चौकी प्रभारियों को निजी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्येक वाहन में चौकी इंचार्ज के साथ दो पुलिसकर्मी दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ मौजूद रहेंगे। सभी सीएचसी व पीएचसी पर भी पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
दुल्हैंडी के दिन जिले में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। अग्निशमन विभाग की टीमें फायर टेंडर के साथ मुस्तैद रहेंगी। खुफिया एवं सर्विलांस टीमें भी सक्रिय रहकर हर गतिविधि पर नजर रखेंगी। हरियाणा सीमा सहित जिले के भीतर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की लगातार चेकिंग की जा रही है।
एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि होली के दौरान यदि किसी ने शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
784 स्थानों पर होगा होलिका दहन, निगरानी समितियां गठित
एसपी ने बताया कि जिले में 784 स्थानों पर होलिका दहन होगा। प्रत्येक स्थल पर शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए आसपास के पांच जिम्मेदार नागरिकों की होली निगरानी समिति गठित की गई है। यह समिति होलिका के रखरखाव से लेकर दहन तक की पूरी जिम्मेदारी निभाएगी, जिससे पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।










