शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर के विकास और रोजगार सृजन को लेकर ‘सर्वदलीय संघर्ष समिति’ ने एक बड़ा मुद्दा उठाया है। समिति ने नगर के मध्य स्थित रिमाउंट डिपो की लगभग 2400 एकड़ खाली पड़ी भूमि के सदुपयोग की मांग करते हुए यहां डिफेंस कॉरिडोर या रक्षा मंत्रालय का कोई बड़ा औद्योगिक उपक्रम स्थापित किए जाने का प्रस्ताव रखा है। इस संबंध में समिति के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ठाकुर वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि रिमाउंट डिपो में पहले घोड़ों और खच्चरों के प्रजनन तथा प्रशिक्षण का कार्य होता था, किंतु वर्तमान में यह गतिविधि बेहद सीमित रह गई है। ऐसे में हजारों बीघा कीमती भूमि का प्रभावी उपयोग नहीं हो पा रहा है। समिति का मत है कि यदि इस स्थान पर डिफेंस कॉरिडोर या कोई बड़ा रक्षा औद्योगिक प्रोजेक्ट स्थापित किया जाता है तो सहारनपुर को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

ठाकुर वीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह भूमि रक्षा मंत्रालय के अधीन है और उसका उपयोग राष्ट्रहित में होना चाहिए। उन्होंने बताया कि गणमान्य नागरिकों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिलाधिकारी ने भी इस पहल पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सहयोग का आश्वासन दिया है।
वरिष्ठ समाजसेवी महेंद्र तनेजा ने कहा कि समिति का उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद खड़ा करना नहीं बल्कि रचनात्मक सुझाव देना है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय यदि यहां कोई बड़ी परियोजना शुरू करता है तो इससे सहारनपुर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएगा और जिले की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगी।
समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि डिफेंस कॉरिडोर की मांग के साथ-साथ शहर के अन्य प्रमुख जनमुद्दों पर भी आवाज बुलंद की जाएगी। इनमें निजी स्कूलों द्वारा फीस, ड्रेस और किताबों के नाम पर कथित मनमानी वसूली का मुद्दा, पीजीआई से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और लंबित परियोजनाओं को गति देने की मांग तथा नगर निगम द्वारा वसूले जा रहे विभिन्न करों से जनता को राहत दिलाने का विषय शामिल है। समिति का कहना है कि इन मुद्दों पर ठोस कार्रवाई न होने की स्थिति में आगे व्यापक रणनीति बनाई जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ठाकुर वीरेंद्र सिंह के साथ महेंद्र तनेजा, राजेश कुमार जैन, जयनाथ शर्मा, किरणजीत सिंह संधू, दलजीत सिंह कोचर, रामजी सुनेजा, रविंद्र मिगलानी, विवेक मनोचा, शीतल टंडन, गुरप्रीत बग्गा, डॉ. पंकज खन्ना, सरफराज खान और नीना जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि सहारनपुर के समग्र विकास के लिए यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।









