शहरी चौपाल ब्यूरो
झिंझाना (शामली)। थाना क्षेत्र के गांव अशरफपुर निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि उसने गांव मानकपुर, थाना गढ़ीपुख्ता निवासी रवि पुत्र नत्थू के खिलाफ दुष्कर्म (धारा 376) का मुकदमा दर्ज कराया हुआ है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़िता के अनुसार मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी रवि, उसका भाई अजय तथा पिता नत्थू लगातार उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। महिला का आरोप है कि आरोपी पक्ष द्वारा उसे अभद्र भाषा में गालियां दी जा रही हैं और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों द्वारा उसकी कथित वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी जा रही है, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यंत भयभीत है।
महिला ने बताया कि उसका एक बेटा भी है, जिसे भी जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी पक्ष से उसे व उसके परिवार को भविष्य में गंभीर खतरा बना हुआ है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उसे और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि वह बिना किसी दबाव के न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग कर सके।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।









