शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। क्षेत्र के कस्बा बनत की होनहार बेटी डॉ. अस्मा परवीन ने DPSRU (दिल्ली फार्मास्युटिकल साइंसेज एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी), नई दिल्ली से फार्मास्युटिकल साइंसेज़ के अंतर्गत फार्माकोग्नोसी एवं फाइटोकैमिस्ट्री विभाग में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
पूर्व प्रधान शब्बीर अहमद की पौत्री व किसान फरीद अहमद की पुत्री डॉ. अस्मा परवीन की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। गत दिवस उन्हें यह उपाधि विश्वविद्यालय के 8वें दीक्षांत समारोह में नई दिल्ली स्थित Vigyan Bhawan में प्रदान की गई।
समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति Vinai Kumar Saxena ने उन्हें पीएचडी की डिग्री प्रदान की। मुख्य अतिथि के रूप में National Assessment and Accreditation Council के अध्यक्ष अनिल कुमार उपस्थित रहे। समारोह में कुल 21 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है कि शोधकाल के दौरान डॉ. अस्मा परवीन Indian Council of Medical Research की प्रतिष्ठित फेलो भी रहीं, जो देश की शीर्ष शोध संस्थाओं में से एक मानी जाती है।
डॉ. अस्मा परवीन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के आशीर्वाद को देते हुए कहा कि उनके अटूट विश्वास और मार्गदर्शन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।
पिता फरीद अहमद ने कहा कि बेटियां यदि ठान लें तो हर मंजिल हासिल कर सकती हैं। क्षेत्र के लोगों ने उनकी इस उपलब्धि को बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रेरणादायक बताया है।









