शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर अभिनंदन सिंह ने बताया कि थाना गागलहेड़ी पुलिस ने खुद को मृत दर्शाकर मुकदमे से बचने की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कर्जदार की हत्या कर शव को कार में जलाकर दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार सोनेट कार भी बरामद कर ली है।
एसएसपी ने बताया कि 25 फरवरी 2026 को ग्राम प्रधान चौराखुर्द ने सूचना दी थी कि चौराखुर्द-चांदपुर मार्ग पर पुलिया के पास एक कार जली हुई हालत में खड़ी है, जिसमें एक व्यक्ति का जला हुआ शव पड़ा है। सूचना पर थाना गागलहेड़ी पुलिस व उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य संकलित किए।
जली हुई कार की पहचान आल्टो के रूप में हुई। नंबर प्लेट से मिले रजिस्ट्रेशन नंबर यूए-09-3674 के आधार पर वाहन स्वामी का नाम विमल उनियाल निवासी न्यू टिहरी (उत्तराखंड) पाया गया। जांच में सामने आया कि वाहन कई बार बिक चुका था और 16 फरवरी 2026 को अंतिम बार अर्जुन निवासी चानचक ने खरीदा था।
इस बीच अर्जुन के भाई विजय सागर ने थाने पहुंचकर बताया कि जली कार उसके भाई अर्जुन की है, जो 24 फरवरी को घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में 28 फरवरी 2026 को पुलिस ने बड़कला फ्लाईओवर के पास से चार आरोपियों—अर्जुन पुत्र स्व. सुरेन्द्र निवासी चानचक थाना बिहारीगढ़, रोबिन पुत्र बिजेंद्र प्रजापति निवासी शेरपुर थाना बिहारीगढ़, सारिक पुत्र मलिक निवासी छापुर शेर अफगानपुर थाना भगवानपुर हरिद्वार तथा विजय सागर पुत्र सुरेन्द्र निवासी चानचक—को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में मुख्य आरोपी अर्जुन ने बताया कि वर्ष 2024 में देहरादून में कार्यरत रहते समय उसके विरुद्ध डालनवाला थाना में मुकदमा दर्ज हुआ था। सजा के भय से उसने अपनी मृत्यु दर्शाने की योजना बनाई। इसी दौरान कर्जदार रोहित निवासी मोहम्मदपुर कंधेला से रंजिश के चलते उसने साथियों रोबिन और सारिक के साथ मिलकर रोहित की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को आल्टो कार में बैठाकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, ताकि मामला दुर्घटना प्रतीत हो।

घटना के बाद आरोपी किया सोनेट कार से फरार हो गए। अर्जुन ने पहचान छिपाने के लिए बाल कटवाए और भाई से अपनी गुमशुदगी दर्ज कराने को कहा, जिससे उसकी मृत्यु का भ्रम बना रहे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से किया सोनेट कार नंबर यूपी-11-डीई-4791 बरामद कर ली है। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी सिमरन सिंह व सीओ प्रथम मनीष कुमार भी मौजूद रहे।








