शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस व एएनटीएफ थाना मेरठ ने संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली तीन अंतर्राष्ट्रीय शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अफीम व नगदी बरामद कर ली। बरामद अफीम की कीमत लगभग 50 लाख रूपए बताई जा रही है। सदर बाजार कोतवाली पुलिस व एएनटीएफ थाना मेरठ की टीम ने मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कपिल देव, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह एएनटीएफ व उपनिरीक्षक बंटी सिंह के नेतृत्व में चैकिंग के दौरान तीन शातिर नशा तस्करों जयमति कुमारी देवी पत्नी मदन प्रसाद महतो धानुक पुत्री असर्फी महतो धानुक निवासिनी ग्राम जीतपुर जिला बारा मधेश प्रांत नेपाल, हसन तारा खातून पत्नी कमसुल मियां धोबी पुत्री खलील मियां धोबी निवासिनी ग्राम जीतपुर भवानीपुर नेपाल व रूकसाना खातून पत्नी भुअर शेख उर्फ अब्दुल्ला शेख निवासिनी बेहरा बिचला मस्जिद के पास पश्चिमी चम्पारण बेतिया बिहार को जनमंच के पीछे गंगोह अड्डा जाने वाले रास्ते के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिलाओं के कब्जे से 5 किग्रा व 99 ग्राम अवैध अफीम, 3 मोबाइल व 4630 रूपए बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपियों का एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया।










