शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर बसेड़ा गांव के समीप मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सरकारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से कार चालक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार देहरादून निवासी विक्रम पुत्र लौटन सिंह कार से मुजफ्फरनगर अपने रिश्तेदारों के यहां जा रहा था। आरोप है कि बसेड़ा गांव के पास गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक विक्रम, ट्रैक्टर चालक अजब सिंह तथा नितिन घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची थाना नागल पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार विक्रम के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उसे हायर सेंटर रेफर किया गया।
थाना प्रभारी राजकुमार चौहान ने बताया कि ट्रैक्टर और कार की भिड़ंत में तीन लोग घायल हुए हैं। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजनों में भी हड़कंप मच गया।









