शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस द्वारा एटीएम में चोरी के प्रयास की घटना का खुलासा करते हुए प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अभिमन्यु बिंदल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण एवं चोरी, नकबजनी व लूट की घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के नेतृत्व में दो मार्च 2026 की रात्रि गश्त और चेकिंग के दौरान शिवालिक बैंक के पास स्थित हिताची एटीएम मशीन को पेंचकश से खोलते हुए दो अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विनीत कुमार नैन निवासी बालाजी पुरम तथा विकास कुमार निवासी रामपुरी कॉलोनी खलासी लाइन के रूप में हुई है। उनके कब्जे से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर मय चार जिंदा कारतूस बाईस बोर, दो पेंचकश, एक चाकू, दो मोबाइल फोन और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ के आधार पर राजेश निवासी नेहरू नगर खलासी लाइन और तनु निवासी वेद बिहार कॉलोनी नवादा रोड को भी गिरफ्तार किया गया।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि एटीएम का ठेका संभालने वाले राजेश ने उन्हें मशीन का पासवर्ड उपलब्ध कराया था। सभी ने मिलकर पहले एटीएम की रेकी की और एक दिन पूर्व कैमरा तोड़ दिया था। घटना के दिन वे मशीन खोलकर पासवर्ड डाल ही रहे थे कि पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सदर बाजार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि अन्य कोई संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








