शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कला और संस्कृति की धरती सहारनपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। शहर की सुप्रसिद्ध नृत्य साधिका एवं बूगी वूगी फेम फाल्गुनी भारद्वाज ने सुपरस्टार अक्षय कुमार द्वारा होस्ट किए जा रहे चर्चित गेम शो व्हील आॅफ फाॅरचून में शानदार प्रदर्शन कर नगर का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम का प्रसारण 5 मार्च, बृहस्पतिवार रात 9 बजे सोनी टीवी पर किया जाएगा। हजारों प्रतिभागियों में से चयनित होकर फाइनल 150 प्रतिभागियों में स्थान बनाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि रही। अपने एपिसोड में फाल्गुनी ने सहारनपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए बुद्धिमत्ता, ज्ञान और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा विभिन्न राउंड में पूछे गए प्रश्नों का सटीक समाधान कर कई आकर्षक इनाम अपने नाम किए।

फाल्गुनी ने बताया कि अक्षय कुमार खेल के दौरान सकारात्मक वातावरण बनाते हैं, जिससे प्रतिभागियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्होंने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर सहारनपुर का प्रतिनिधित्व किया। फाल्गुनी के साथ उनकी माता सीमा शर्मा और भाभी इति शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। परिवारजनों ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि फाल्गुनी ने पुनः परिवार और नगर का मान बढ़ाया है। पिता संदीप शर्मा ने उसकी सफलता का श्रेय उसकी शिक्षा, संस्कार और निरंतर मेहनत को दिया। इस उपलब्धि पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक हस्तियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी। नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि हमारी बेटियां किसी से कम नहीं हैं। महापौर डॉ. अजय सिंह ने फाल्गुनी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पूर्व सांसद राघव लखन पाल, पूर्व मंत्री संजय गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी फाल्गुनी की सफलता को सहारनपुर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। नगरवासियों में कार्यक्रम के प्रसारण को लेकर उत्साह का माहौल है और सभी को 5 मार्च की रात का बेसब्री से इंतजार है।









