शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना गंगोह क्षेत्र के ग्राम सांगाठेड़ा के बाद अब थाना चिलकाना क्षेत्र के ग्राम फिरोजाबाद में अलग-अलग समुदाय के युवक-युवती के फरार होने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर क्षेत्र में विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। युवती के परिजन व ग्रामीणों ने महापौर डॉ. अजय सिंह से मुलाकात कर युवती की शीघ्र बरामदगी की मांग की है। मंगलवार को ग्राम फिरोजाबाद निवासी ग्रामीण, पार्षद शोपिन पाल के नेतृत्व में दिल्ली रोड स्थित महापौर डॉ. अजय सिंह के आवास पहुंचे और उन्हें पूरे प्रकरण से अवगत कराया।

ग्रामीणों के अनुसार 23 फरवरी को गांव की एक युवती को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस संबंध में थाना चिलकाना में तहरीर दी गई थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस युवती को बरामद नहीं कर सकी है और उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक और युवती अलग-अलग समुदाय से संबंध रखते हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पार्षद शोपिन पाल ने कहा कि पाल समाज में मामले को लेकर रोष है। फिलहाल समाज के लोग अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन यदि शीघ्र युवती की बरामदगी नहीं हुई तो समाज को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और युवती की शीघ्र बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। महापौर से मिलने वालों में पार्षद शोपिन पाल, सीताराम, सुनील, अमितपाल, आर्यन, सुमित, मांगेराम, श्यामलाल, अनुज, चूहड़ सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।









